छात्र संघ चुनाव नामांकन को लेकर कड़ा सुरक्षा घेरा,SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने परखी व्यवस्थाएं

नैनीताल – छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रवेश-निकास व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल को निर्देशित किया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए।

छात्र संघ चुनाव को लेकर पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।