
हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर 200 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 200 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को मोबाइल फोन बरामद करने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और उपनिरीक्षक प्रभारी मोबाइल ऐप (साइबर सेल) मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर को सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किया।
कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता के जरिए पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद सभी मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर सभी फरियादियों ने खुशी जाहिर करते हुए नैनीताल पुलिस और एसएसपी का आभार व्यक्त किया।
बरामद मोबाइल फोन में विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं, जिनमें आईफोन (07), सैमसंग (31), ओप्पो (36), वनप्लस (13), रियलमी (14), वीवो (45), मोटोरोला (08), इनफिनिक्स (10), रेडमी (22), पोको (05), लावा (02), आईक्यू (02), टेक्नो (03), शाओमी (01) और आईटेल (01) शामिल हैं।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा मोबाइल रिकवरी टीम को 1,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।


