लालकुआं व्यापार मंडल बैठक में हंगामा, “पहले सदस्यता फिर चुनाव” पर बनी सहमति

ख़बर शेयर करे -

लालकुआं – (संवाददाता ज़फर अंसारी)  प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर नगर के वार्ड नंबर-1 स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित बैठक के दौरान व्यापारियों के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। बैठक में सदस्यता अभियान और पुरानी कार्यकारिणी के कार्यकाल विस्तार को लेकर जमकर बहस हुई, जिससे कई बार माहौल गर्म हो गया।

बैठक की खास बात यह रही कि इसमें अपेक्षाकृत कम संख्या में व्यापारी मौजूद रहे, जो चर्चा का विषय बना रहा। इससे यह संकेत भी मिला कि फिलहाल व्यापारी वर्ग चुनावी मूड में नजर नहीं आ रहा है।

बैठक में पहुंचे जिलाध्यक्ष जितिन गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि सबसे पहले सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद ही चुनावी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वहीं वर्तमान नगर अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि व्यापार मंडल पूरी तरह व्यापारियों का संगठन है और अंतिम निर्णय व्यापारियों की इच्छा के अनुसार ही लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान जारी है और आगे उच्च स्तर से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा।

इधर व्यापारी नेता भुवन पांडे ने पुरानी कार्यकारिणी का समर्थन करते हुए कहा कि अब तक उसका शपथ ग्रहण तक नहीं हो पाया है। ऐसे में नए चुनाव कराने के बजाय मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्षों के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने शीर्ष पदाधिकारियों पर मनमानी के आरोप लगाते हुए सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया का विरोध भी जताया।

इस पर जिलाध्यक्ष जितिन गुप्ता ने संगठनात्मक नियमों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित समयांतराल पर चुनाव कराना अनिवार्य है और उससे पहले सदस्यता अभियान चलाना जरूरी होता है। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सजीव शर्मा और संजय जोशी को सौंपी गई है। अभियान पूरा होने के बाद ही चुनाव कराए जाएंगे।

See also  हल्द्वानी_पढ़े ख़बर कैसे नाबालिग को बुलेट चलाने को देना पिता को पड़ा भारी, पुलिस ने किया मामला दर्ज

उन्होंने यह भी कहा कि पुरानी कार्यकारिणी को जारी रखने का निर्णय भी सदस्यता अभियान के बाद ही लिया जाएगा और जो भी फैसला होगा, वह व्यापारियों के बहुमत के आधार पर होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि “दस-बीस या पचास लोगों के कहने से संगठन के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जा सकता।”

वहीं चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि एक-दो दिन में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके बाद चुनाव को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार ही आगे की चुनावी प्रक्रिया तय की जाएगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष जितिन गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री इतेन्द्र भसीन, चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी, नगर अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष संजय जोशी, चुनाव अधिकारी सजीव शर्मा, हरीश बिसौती, भुवन पांडे, अशोक अग्रवाल, जितेंद्र भाटिया, बोबी संभल, नंदन सिंह राणा, इस्तेकार अंसारी, अरुण जोशी, मीना रावत, अमजद खान, राधेश्याम यादव, सुभाष नागर सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

कुल मिलाकर बैठक में “पहले सदस्यता, फिर चुनाव” के मुद्दे पर सहमति बन गई है, लेकिन कार्यकारिणी के भविष्य को लेकर व्यापारियों के बीच मतभेद साफ नजर आए। अब सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद ही यह तय होगा कि चुनाव कराए जाएंगे या सर्वसम्मति से पुरानी टीम को ही आगे बढ़ाया जाएगा।


ख़बर शेयर करे -