
लालकुआं। सोशल मीडिया पर आज यानी बुधवार सुबह उम्मीद फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कांग्रेस जिला सचिव आज़म खान की एक पोस्ट चर्चा का विषय बनी रही। पोस्ट में उन्होंने एक मददगार साथी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उसकी सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, तड़के करीब पांच बजे आज़म खान के आवास स्थित बाथरूम में सांप का एक छोटा बच्चा दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया। अचानक सांप दिखाई देने पर परिजनों ने तत्काल वन्यजीव प्रेमी हेमू को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही हेमू मौके पर पहुंचे और सूझबूझ का परिचय देते हुए सांप के बच्चे का सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्होंने सांप को बिना किसी नुकसान के पकड़कर घर से बाहर निकाला तथा उसे प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित छोड़ दिया। हेमू की तत्परता और साहसिक कार्य से परिवार ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद आज़म खान ने हेमू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उन्होंने जिस तरह तुरंत पहुंचकर मदद की, वह सराहनीय है। उन्होंने हेमू के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और खुशहाली की कामना भी की।
वहीं, सोशल मीडिया पर भी लोगों ने हेमू की तत्परता, सेवा भावना और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जमकर प्रशंसा की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे जागरूक और प्रशिक्षित लोगों की वजह से वन्यजीवों तथा आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाती है।

