
हल्द्वानी – आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभागीय टीम ने हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से जांच के लिए भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां उपलब्ध कराना है।
मिठाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित नमूने नियमानुसार लिए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
मिलावट मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को भी साफ-सफाई, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।

