
रुद्रपुर/कोतवाली – एक युवक द्वारा खुद को सरकार से मान्यता प्राप्त बैंक कंपनी का संचालक बताकर लोगों को झांसे में लेकर 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आर्य नगर निवासी गौरव अरोड़ा पुत्र जयप्रकाश अरोड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात वर्ष 2023 में डॉक्टर लेन स्थित एक दुकान पर भूप सिंह, विनोद अरोड़ा और एक अन्य व्यक्ति से हुई थी। इस दौरान संबंधित व्यक्ति ने खुद को सरकार से मान्यता प्राप्त बैंक कंपनी का संचालक बताते हुए निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का दावा किया।
झांसे में आकर गौरव अरोड़ा ने दिसंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच एक लाख सात हजार रुपये नकद दिए। वहीं भूप सिंह ने नवंबर 2023 से मार्च 2024 तक साढ़े सात लाख रुपये और विनोद अरोड़ा ने नकद एवं बैंक माध्यम से साढ़े पांच लाख रुपये निवेश किए। इसके अलावा शिवम अरोड़ा सहित अन्य लोगों ने मिलकर करीब 78 लाख 46 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया, जिसके बाद पीड़ितों को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि आरोपी के पास किसी भी प्रकार की कोई मान्यता प्राप्त बैंक कंपनी नहीं है और पूरा मामला फर्जीवाड़े का निकला।
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर उन्होंने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
