हल्द्वानी में सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत, डीएम ने मजिस्ट्रेट जांच के दिए आदेश

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना, जिसमें एक वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु हो गई, को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने घटना की निष्पक्ष, स्वतंत्र और विधिसम्मत जांच के आदेश जारी किए हैं।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 एवं शासन के निर्देशों के तहत नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए पी वाजपेयी को इस प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच का दायित्व सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण करने, किसी पक्ष की लापरवाही या यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस सुझाव देने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने 15 दिन के भीतर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जांच अधिकारी को घटना से संबंधित सभी साक्ष्य, जैसे सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएं।

इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास इस दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी या साक्ष्य हों तो वे 15 दिन के भीतर किसी भी कार्य दिवस पर उनके कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

दुर्घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (UUSDA) तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पनचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों से चल रहे कार्यों की जानकारी ली गई।

See also  आर्थिक रूप से निर्बल वर्ग संग दिवाली कार्यक्रम का मां जगदम्बा बैंक्विट हॉल मुखानी हल्द्वानी में हुआ समापन

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेंचलेस तकनीक का उपयोग किया जाए। जहां भी सड़क पर गड्ढा खोदा गया है, वहां यातायात संचालन सुचारू रखने के लिए सड़क को पर्याप्त चौड़ा किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी रूप से फुटपाथ या रैंप हटाकर सड़क को चौड़ा किया जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -