
जसपुर। ऊधमसिंहनगर के जसपुर स्थित मोहल्ला जुलाहान के आंगनबाड़ी केंद्र में राशन वितरण को लेकर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय महिलाओं और लाभार्थियों ने केंद्र संचालिका शमा बेगम पर सरकारी पोषण सामग्री में गड़बड़ी करने और समय पर केंद्र नहीं खोलने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
लाभार्थियों का कहना है कि सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए भेजी जाने वाली पौष्टिक सामग्री उन्हें पूरी मात्रा में नहीं मिल रही है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल दो पैकेट सतू और दलिया ही दिए जा रहे हैं, जबकि योजना के तहत मिलने वाले अंडे, खजूर और केले के चिप्स जैसी अन्य पोषण सामग्री नहीं दी जा रही।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि केंद्र संचालिका नियमित समय पर केंद्र नहीं खोलतीं, जिससे महिलाओं और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार दिलीप सिंह ने कहा कि मीडिया और स्थानीय शिकायतों के माध्यम से उन्हें अनियमितताओं की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि जल्द ही बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) के साथ संयुक्त टीम बनाकर आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित कार्यकत्री के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से भेजी जा रही सामग्री में किसी भी प्रकार की हेराफेरी बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
