नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर खाई में गिरी पर्यटकों से भरी टैक्सी, एसडीआरएफ ने बचाईं सात जिंदगियां

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह ज्यूलिकोट के एक नंबर बैंड के समीप पर्यटकों से भरी एक टवेरा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों, एसडीआरएफ और ज्यूलिकोट पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी सात पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार टवेरा टैक्सी (यूके-04 टीए-3876) नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे एक नंबर बैंड के पास वाहन अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उपनिरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने ज्यूलिकोट पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। छह यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि खाई में फंसे एक अन्य यात्री को विषम परिस्थितियों के बीच सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

ज्यूलिकोट पुलिस के एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल सभी पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।


ख़बर शेयर करे -

See also  भट्ट ने कांग्रेस पर कसा तंज बोलें जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस