
रुद्रपुर – ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में शुक्रवार सुबह कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात सामने आई। मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद जिला अस्पताल तक पहुंच गया। यहां मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए पहुंचे 30 वर्षीय मोबाइल कारोबारी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास में मोबाइल की दुकान संचालित करने वाले दो पक्षों के बीच कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि विवाद के दौरान एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।
जिला अस्पताल में फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
मारपीट में घायल लोग मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान 10 से 15 लोगों के अस्पताल परिसर में पहुंचने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई।
इसी दौरान हमलावरों ने 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
अस्पताल परिसर में हत्या की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा और वे फिर आमने-सामने आ गए। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनातa कर दिया।
पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

