
मेलाघाट (खटीमा) – लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का पारंपरिक रूप से समापन किया। मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने छठ महापर्व को महिलाओं की कठिन तपस्या, अटूट आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताया। कहा कि यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा एक लघु भारत की तरह है, जहां विभिन्न समाजों और समुदायों के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। गृह क्षेत्र होने के नाते उनका प्रयास रहता है कि यहां आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में वह लोगों के बीच उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता जाहिर की। पूजा-अर्चना और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही घाट पर छठ महापर्व का पारंपरिक उल्लास के बीच समापन हुआ।

