पशु आहार की बढ़ी दरों पर लगी रोक, 55 हजार दुग्ध उत्पादकों को राहत

मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का जताया आभार, अग्रिम आदेश तक स्थगित रहा मूल्य वृद्धि आदेश

लालकुआं – पशु आहार की बढ़ी दरों के आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित किए जाने से प्रदेश के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है।

मुकेश बोरा ने बताया कि बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए उन्होंने 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह करते हुए मंत्री को पत्र भेजा था।

उन्होंने बताया कि पशुपालकों की समस्याओं को देखते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने तत्काल सचिव डेयरी विकास विभाग एवं प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद 14 सितंबर को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि एवं अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया।

मुकेश बोरा के अनुसार, उक्त आदेश में पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। वर्तमान में बरसात और दैवीय आपदा के चलते पशुपालकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आहार की कीमतों में बढ़ोतरी से उनके खर्च में और इजाफा होने की संभावना थी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले के करीब 34 हजार तथा पूरे प्रदेश के लगभग 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालक इस निर्णय से राहत महसूस करेंगे। मुकेश बोरा ने कहा कि पशुपालकों के हित में लिए गए निर्णय से उन्हें आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने इसके लिए मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में मूल्य वृद्धि आदेश का स्थगित होना पशुपालकों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।