
हल्द्वानी – ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी (GEHU), हल्द्वानी में मार्केटिंग क्लब की ओर से ‘स्टार्टअप शोडाउन’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने अभिनव बिजनेस आइडिया और उद्यमशीलता के विजन को निर्णायकों के समक्ष आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने व्यावसायिक विचारों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करते हुए यह दिखाया कि उद्यमिता केवल विचार तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे वास्तविकता में बदलने के लिए नवाचार, साहस और प्रयास की आवश्यकता होती है।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ‘डेस्टिनिक्स’ के शोभित सिंह को विजेता घोषित किया गया। वहीं ‘V2’ की वैशाली तिवारी और विनीत फुलारा प्रथम उपविजेता रहे। ‘गेम चेंजर्स’ के हरमनदीप सिंह और अपूर्व कमल ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में ‘अरोमा तत्व’ के आशीष बंसल और सोमिल तिवारी को ‘शार्क्स चॉइस’ का खिताब दिया गया। वहीं ‘टीम बिज़नोवा’ की प्राची जोशी और मुस्कान को ‘गेम चेंजर्स’ का खिताब मिला।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान छात्रों को अपने कारोबारी विचारों को प्रस्तुत करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच मिला।

