
रुद्रपुर – जनपद में गेहूं फसल की उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्वयं खेत में पहुंचकर क्रॉप कटिंग की। यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत तथा फसलों की उपज का सटीक अनुमान लगाने के उद्देश्य से की गई।
तहसील रुद्रपुर के राजस्व ग्राम भूरारानी में जिलाधिकारी ने काश्तकार अशोक गांधी के खेत का निरीक्षण किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत गेहूं की फसल की कटाई की। क्रॉप कटिंग के दौरान 43.30 वर्गमीटर के त्रिभुजाकार प्लॉट से 17.900 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के फसल कटाई प्रयोग जनपद, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नियमित रूप से कराए जाते हैं। इनसे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसल बीमा दावों के निस्तारण के साथ-साथ खाद्य नीति निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।
इस दौरान तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक भूलेख अधिकारी मदन बिष्ट, कानूनगो राधे सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
