
हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खुली अवस्था में पड़ी विद्युत केबलों के मामले में तत्काल कार्रवाई की गई। मोटाहल्दू समेत कई स्थानों पर डिवाइडर में लगी स्ट्रीट लाइटों की खुली केबलों की सूचना मिलते ही परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) ने विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजकर केबलों को सुरक्षित कराया।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर खुली पड़ी विद्युत केबलों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित किया गया, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की आशंका टल गई। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की।
परियोजना निदेशक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुली विद्युत केबलें किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, विद्युत केबलों और अन्य संरचनाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थापित स्ट्रीट लाइट प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी सुरक्षा संबंधी कोई कमी मिलेगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
परियोजना निदेशक ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

