SIR अभियान में आ रही समस्याओं को लेकर विधायक सुमित हृदयेश ने सिटी मजिस्ट्रेट से की मुलाकात

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान आम नागरिकों को आ रही समस्याओं और प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी को लेकर सोमवार को विधायक सुमित हृदयेश ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने अभियान से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक दिक्कतों, दस्तावेजों को लेकर फैली भ्रांतियों तथा आवेदन प्रक्रिया में आ रही परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से आमजन को स्पष्ट एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की मांग की, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान विधायक ने तहसील परिसर में SIR से संबंधित प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर प्रपत्र बेच रहे हैं। इस पर उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की।

विधायक ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े किसी भी दस्तावेज का दुरुपयोग या उससे अनुचित लाभ कमाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत नागरिकों का मताधिकार है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम रहे।

See also  उत्तराखंड_कैबिनेट का यह बड़ा फैसला, चारधाम के नाम पर नहीं बनेगा कोई भी ट्रस्ट, लागू होंगे कड़े कानून

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है और आम जनता के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, बीएलए-1 मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, धर्मवीर, गोविंदी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मोहम्मद गुफरान, शैलेंद्र दानू सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -