हल्द्वानी बनभूलपुरा हिंसा प्रकरण_अंतिम आरोपी को भी मिली जमानत,सहयोगियों और अधिवक्ताओं का जमीयत ने जताया आभार

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – 8 फरवरी 2024 को हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा के बाद गिरफ्तार किए गए सभी 101 आरोपियों को जमानत मिल गई है। इस घटनाक्रम पर जमीयत उलेमा हल्द्वानी ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे लंबी कानूनी लड़ाई और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

जमीयत उलेमा हल्द्वानी के अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद आसिम द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गए 101 व्यक्तियों में से 88 आरोपियों के मुकदमों की पैरवी जमीयत उलेमा की ओर से की गई। संगठन का दावा है कि लगातार कानूनी प्रयासों, प्रभावी पैरवी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत किए गए सहयोग के परिणामस्वरूप आरोपियों को क्रमिक रूप से जमानत मिलती गई।

मौलाना आसिम ने बताया कि हाल ही में अंतिम बंदी मोहम्मद शहजाद उर्फ कंखड़ा को भी न्यायालय से जमानत मिलने के बाद सभी गिरफ्तार व्यक्तियों की रिहाई सुनिश्चित हो गई है। उन्होंने इसे प्रभावित परिवारों के लिए राहत और शुक्रगुजारी का अवसर बताया।

जमीयत उलेमा ने इस अवसर पर उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कानूनी संघर्ष में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया। संगठन के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ताओं, दानदाताओं तथा कानूनी विशेषज्ञों ने प्रभावित परिवारों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मौलाना आसिम ने विशेष रूप से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष एवं अमीर-ए-हिंद मौलाना सैयद अरशद मदनी के मार्गदर्शन, कानूनी सहायता और निरंतर समर्थन के लिए कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही मुकदमों की पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं की टीम के प्रयासों की भी सराहना की।

अपने बयान में उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रभावित परिवारों को न्याय, सम्मान और सामाजिक स्थिरता प्राप्त होगी तथा शहर में अमन, भाईचारा और कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शांति, सौहार्द और न्याय की भावना को आगे बढ़ाने की अपील भी की।

See also  काशीपुर में आम जनता से रुबरु हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा जनता दरबार में दर्ज हुई 30 शिकायतें

ख़बर शेयर करे -