
लालकुआं/बिंदुखत्ता – क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों और नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ स्वास्थ्य एवं औषधि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की।
स्वास्थ्य विभाग, औषधि विभाग, पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया, जिससे क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान बिंदुखत्ता स्थित रॉय क्लीनिक में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में यह क्लीनिक बिना वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होता मिला।
इस पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. श्वेता भंडारी ने तत्काल प्रभाव से क्लीनिक को बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध संचालन के आरोप में क्लीनिक संचालक के विरुद्ध नियमानुसार 50 हजार रुपये का चालान किया गया।
संयुक्त टीम ने इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों का भी सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राकेश मेडिकल स्टोर,
अलसफा मेडिकल स्टोर, गोपाल मेडिकल स्टोर और गंगवार मेडिकल स्टोर के दस्तावेजों, दवाओं के भंडारण, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक मानकों की बारीकी से जांच की गई।
कार्रवाई के उपरांत अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी अस्पतालों, क्लीनिकों और मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों एवं कानूनी प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।
बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विपरीत संचालित किसी भी प्रतिष्ठान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी, ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी बिष्ट एवं अर्चना के अलावा स्थानीय पुलिस प्रशासन तथा तहसील लालकुआं (राजस्व विभाग) की टीम प्रमुख रूप से शामिल रही।

