
उत्तराखण्ड – श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सफल,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन की कार्यशैली की चारों ओर सराहना हो रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालु यात्रा व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आ रहे हैं और खुले तौर पर प्रशासनिक प्रयासों की प्रशंसा कर रहे हैं।
गाजियाबाद निवासी श्रद्धालु मोनू तोमर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाओं को जिस सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा है, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने विशेष रूप से टोकन प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इससे कम समय में सुगम दर्शन संभव हो पा रहे हैं।
यात्रियों ने पैदल मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं को भी बेहद उपयोगी बताया। स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, स्पष्ट साइनेज, हेल्पलाइन नंबर, सुरक्षा बलों की सतत तैनाती और विभिन्न स्थानों पर त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं यात्रा को सुगम बना रही हैं। श्रद्धालुओं ने अन्य यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और निःसंकोच यात्रा पर आएं।
कर्नाटक हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के. दिवाकर ने अपने पहले केदारनाथ दौरे के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हैं। उन्होंने हेली सेवाओं के सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध संचालन की विशेष सराहना की। साथ ही आईटीबीपी, उत्तराखण्ड पुलिस और प्रशासन द्वारा प्रभावी भीड़ प्रबंधन को भी सराहा।
वहीं, हरियाणा के रोहतक निवासी सोमवीर नैन ने बताया कि यात्रा से पहले उन्हें खाद्य सामग्री की उपलब्धता को लेकर आशंका थी, लेकिन धाम पहुंचने पर पर्याप्त और सुव्यवस्थित भोजन व्यवस्था देख उनकी चिंता दूर हो गई। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
समग्र रूप से श्रद्धालुओं ने एकमत होकर कहा कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए उत्तराखण्ड सरकार और जिला प्रशासन के प्रयास बेहद प्रभावी और सराहनीय हैं, जिससे यह पवित्र यात्रा और अधिक सुगम व यादगार बन रही है।

