
रुद्रपुर – जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त प्रयासों से उधम सिंह नगर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल की गई। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के विशेष प्रयासों तथा उप जिलाधिकारी रुद्रपुर के मार्गदर्शन में पदक विजेता एवं खेल प्रतिभावान खिलाड़ियों को मल्टीविटामिन किट, खेल किट, शूज एवं ड्राई फ्रूट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन 27 मई को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में किया गया, जहां खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं स्वास्थ्यवर्धक सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी रुद्रपुर मनीष बिष्ट, उप जिलाधिकारी किच्छा गौरव पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, एथलीट कोच रघुवीर सिंह, हरीश राम एवं हॉकी कोच मोहित सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की इस नई पहल के अंतर्गत ‘ए’ कैटेगरी के 05 तथा ‘बी’ कैटेगरी के 07 खिलाड़ियों सहित कुल 12 खेल प्रतिभावान खिलाड़ियों को मल्टीविटामिन, खेल किट, शूज एवं ड्राई फ्रूट उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं खेल संसाधन उपलब्ध कराकर उनके प्रदर्शन को और मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के सहयोग को निरंतर जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने से वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने से क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा तथा भविष्य में और अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार किए जा सकेंगे। खिलाड़ियों ने भी इस सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

