
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 20 बच्चों को मिली निशुल्क जांच व उपचार सुविधा
रुद्रपुर – राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत जनपद उधम सिंह नगर में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) रुद्रपुर में गुरुवार को एक दिवसीय निशुल्क बाल हृदय रोग कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल की अध्यक्षता एवं एसीएमओ/एनएचएम डॉ. डी. पी. सिंह के निर्देशन में किया गया।
कैंप में नारायणा हॉस्पिटल गुड़गांव के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास गुप्ता एवं डीईआईसी रुद्रपुर की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वसुधा मिश्रा द्वारा बच्चों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ द्वारा पांच बच्चों का विशेष परीक्षण कर उन्हें निशुल्क इको जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा कैंप में पहुंचे सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने कैंप में उपस्थित बच्चों एवं उनके परिजनों को विभिन्न उपचार सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान एवं उपचार में सहायता मिल रही है।
कैंप में कुल 20 बच्चों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु मस्यूनी, जिला लेखा प्रबंधक डी. एस. भंडारी, आरबीएसके मैनेजर पुरनमल सहित डीईआईसी स्टाफ कमलेश मिश्रा, पारुल, चन्द्ररवीर, रीमा एवं अंजलि आदि का विशेष सहयोग रहा।

