
नैनीताल। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय प्रताप सिंह मौनी स्मृति कैरम प्रतियोगिता के चौथे दिन बार हॉल में सिंगल्स एवं डबल्स वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार फिंगर मूव्स और सटीक शॉट्स का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी. एस. दानू (अधिवक्ता) ने बताया कि डबल्स वर्ग के पहले मुकाबले में तरुण चन्द्रा एवं कैलाश रावत की जोड़ी ने उमेश कांडपाल और गंगा बोरा की जोड़ी को सीधे सेटों में पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
दूसरे मुकाबले में गौरव और मुकेश की जोड़ी ने नमन एवं प्रशांत की जोड़ी को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं तीसरे मुकाबले में दानिश और मुकेश की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट, सचिव संजय सुयाल, उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, उपसचिव नीरज गोस्वामी, कार्यकारिणी सदस्य तारा आर्य, सरिता बिष्ट, जया आर्य, निर्मल आर्य, मोहम्मद बिलाल सहित अनेक अधिवक्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में लगातार बढ़ते रोमांच के बीच खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने बताया कि आगामी मुकाबले और भी अधिक प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है।

