
नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के वार्षिक स्थापना दिवस पर रविवार को आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः 5 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए, जिसके साथ ही बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कपाट खुलने से पहले ही मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और विभिन्न शटल पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों से संचालित शटल सेवाएं लगातार पूर्ण क्षमता के साथ संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बैरियर पर श्रद्धालुओं को नहीं रोका जा रहा है। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा के जरिए मंदिर भेजा जा रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस, जिला प्रशासन और स्वयंसेवी संगठनों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर क्षेत्र, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
कैंची धाम में उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की भारी आमद से स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों को भी नया संबल मिला है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने, पुलिस एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग एवं शटल सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया है कि उनकी सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह से सक्रिय हैं।

