
दिल्ली/रामगढ़ – उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण — एप्पल जोन रामगढ़ की फाउंडर रमा बिष्ट को “बेस्ट वूमेन एंटरप्रेन्योर इन एमएसएमई अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अमर उजाला MSME For Bharat Awards 2025 के अंतर्गत दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
रमा बिष्ट को यह पुरस्कार केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ रमा बिष्ट ने उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।
यह सम्मान उनके वर्षों की मेहनत, समर्पण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के प्रयासों का नतीजा है। रमा बिष्ट ने अपने उद्यम एप्पल जोन रामगढ़ के माध्यम से न केवल सैकड़ों स्थानीय महिलाओं और युवाओं को रोजगार प्रदान किया है, बल्कि उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान भी दिलाई है।
पहाड़ की मिट्टी से शुरू हुई उनकी उद्यमी यात्रा आज पूरे देश के लिए प्रेरणा बन चुकी है। ऑर्गेनिक और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पहले भी राज्य पुरस्कार और राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है।
रमा बिष्ट का कहना है कि यह सम्मान “Made in Hills, Made for India” की भावना और पहाड़ की मेहनतकश महिलाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा —
> “जहाँ इच्छा होती है, वहाँ राह खुद बनती है — और उस राह को अगर हौसले से तय किया जाए, तो सफलता निश्चित होती है।
रमा बिष्ट की यह उपलब्धि न केवल रामगढ़ और नैनीताल जिले बल्कि पूरे उत्तराखंड की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

