डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, छह राज्यों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

नई दिल्ली – राष्ट्रपति की ओर से छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल की घोषणा की गई है। इस बदलाव के तहत डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सिक्किम, केरलम, तमिलनाडु, ओडिशा और कर्नाटक में भी नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दुष्यंत गौतम को सिक्किम, ब्रज मोहन राम को ओडिशा और डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

उत्तराखंड में डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति को राज्य के संवैधानिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। राज्यपाल राज्य में संविधान के संरक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हैं और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

छह राज्यों में हुई इन नियुक्तियों के बाद संबंधित राजभवनों में नई जिम्मेदारियां संभाली जाएंगी। नए राज्यपालों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उनके दायित्व प्रभावी होंगे।