हल्द्वानी में नशे के अवैध कारोबार पर STF की कार्रवाई, 190 नशीले इंजेक्शन बरामद

हल्द्वानी – शहर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने कार्रवाई करते हुए 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

STF के अनुसार, राज्य में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट लगातार सूचनाएं जुटा रही थी। इसी क्रम में मिले इनपुट के आधार पर बनभूलपुरा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में दबिश देकर अदनान कुरैशी (23) को गिरफ्तार किया। आरोपी लाइन नंबर-17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर-25, बनभूलपुरा का निवासी है।

95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन बरामद

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 190 इंजेक्शन बरामद किए गए। इनमें 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं। बरामदगी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

STF की टीम इस मामले में सप्लाई नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। इसके तहत नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति करने वालों से लेकर इनके वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम में ये रहे शामिल

इस अभियान में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी समेत टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। वहीं, बनभूलपुरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल और पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस को दें। समय रहते सूचना मिलने से ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिल सकती है।