नैनीताल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: बुटीक की दुकान से 5 किलो चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी/काठगोदाम। जनपद नैनीताल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस, एएनटीएफ और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 लाख रुपये कीमत की 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में शनिवार को एएनटीएफ/एसटीएफ कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने संचालित “डी फैशन बुटीक” नामक टेलर की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में देवखड़ी दमुवाढूंगा निवासी 50 वर्षीय प्रवीण आर्या पुत्र कुशल राम तथा बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय बलवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 62/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर नैनीताल जिले में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

बरामदगी

5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस

अनुमानित कीमत: करीब 10 लाख रुपये

संयुक्त टीम में शामिल अधिकारी

एसटीएफ/एंटी नार्कोटिक्स टीम

निरीक्षक पावन स्वरूप

एसआई विनोद चंद्र जोशी

आरक्षी वीरेंद्र चौहान

आरक्षी इसरार अहमद

थाना काठगोदाम पुलिस टीम

एसओ विमल मिश्रा

एसआई दिलीप सिंह

आरक्षी प्रमोद कुमार

आरक्षी कारज सिंह

नैनीताल पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।