
रुद्रपुर/काशीपुर – देवभूमि उत्तराखण्ड को अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने उधमसिंहनगर जनपद के काशीपुर और कुण्डा क्षेत्र में सक्रिय विद्युत केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के विद्युत तार, दो वाहनों और भारी मात्रा में उपकरणों के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में की गई। एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर के धरमपुर क्षेत्र में “गुरमा ट्रेनिंग कंपनी” नाम की फर्म के गोदाम में चोरी की गई विद्युत केबलों को छुपाकर रखा गया है और फर्म की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने थाना कुण्डा और काशीपुर पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। गोदाम की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में एचसी विद्युत केबल बरामद की गई। मौके से आफताब अली (43 वर्ष) और जीशान (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ थाना कुण्डा और काशीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो माह से काशीपुर, कुण्डा, जसपुर और महुआखेड़ा क्षेत्रों में सक्रिय थे। ये लोग रात के समय स्कॉर्पियो वाहन से इलाके की रेकी करते और सुनसान स्थानों पर बिछी विद्युत केबल को काटकर पिकअप वाहन में भरकर अपने गोदाम तक ले आते थे। इसके बाद केबल को छीलकर उसमें से कॉपर और एल्युमिनियम निकालकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली में बेच दिया जाता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
एसटीएफ की कार्रवाई में कुल 45 कुन्तल विद्युत तार, केबल काटने के 9 छोटे-बड़े कटर, बड़ी कैंची, हेक्सा ब्लेड, ब्लेड से बने चाकू और अन्य नुकीले औजार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पिकअप (UP25ET 3005) और स्कॉर्पियो (UK18D 4683) वाहन भी जब्त किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आफताब अली पहले भी चोरी, डकैती और लूट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम के निरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, केजी मठपाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों और कुण्डा-काशीपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।


