
भीमताल/ओखलकांडा – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में खुजेठी-पतलिया-बलना मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का शिलान्यास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस कार्य पर 1 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन और कृषि उत्पादों को मंडी तक पहुंचाने में परेशानी हो रही थी।
मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। ग्रामीणों ने सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण कराने की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखी थी। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री ने संबंधित विभाग को सड़क के डामरीकरण, चौड़ीकरण और सुधारीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग पर डामरीकरण के लिए 1.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर कार्य का शुभारंभ किया गया।
कई गांवों को मिलेगी सुविधा
सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण से भीड़ापानी, खुजेठी, मटियाल, जोस्युड़ा, बलना, रौतेलाकोट, पंतोली और पतलिया समेत आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से ग्रामीणों के आवागमन के साथ ही कृषि उत्पादों को मंडी तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी।
ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना और खराब मोटर मार्गों का सुधारीकरण व डामरीकरण कराना है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, देवेंद्र चौसाली, प्रताप पड़ियार, मनोज मोहना, महेंद्र धोनी, गणेश मेलकानी, भवान चौहान, लाल सिंह, किशन सिंह, विपिन चंद्र, रमेश सिंह, रमेश चंद्र, अर्जुन सिंह बर्गली सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

