22 वर्षों की सेवाओं के बाद नंदन गिरी गोस्वामी सेवानिवृत्त, भावभीने माहौल में दी गई विदाई

निष्ठा और समर्पण की मिसाल बने नंदन गिरी गोस्वामी, सहकर्मियों ने सम्मानित कर दी शुभकामनाएं

लालकुआं – नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के उपार्जन अनुभाग में कार्यरत क्षेत्र पर्यवेक्षक नंदन गिरी गोस्वामी के 22 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा पूर्ण होने पर उनके सेवानिवृत्त होने के अवसर पर प्रशासनिक भवन परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और सहकर्मियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नंदन गिरी गोस्वामी ने वर्ष 2004 में अपनी सेवाएं शुरू कीं और पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने उपार्जन अनुभाग में रहते हुए दुग्ध समितियों, दुग्ध उत्पादकों और संस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने आगे कहा कि गोस्वामी का सरल स्वभाव, कार्य के प्रति समर्पण और व्यवहार कुशलता उन्हें सभी के बीच सम्मान का पात्र बनाती रही। उनकी अनुशासित कार्यशैली और कर्मठता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, फूलमाला पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी लगन और मेहनत से संस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वक्ताओं ने उनके दीर्घायु, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और मार्गदर्शन संस्था के लिए लाभकारी रहेगा।

अपने संबोधन में नंदन गिरी गोस्वामी ने आंचल परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां सदैव सहयोग, सम्मान और अपनापन मिला, जिसे वे जीवन भर याद रखेंगे।

कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, रश्मि धामी, पूरन चंद्र मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश चंद्र, खलील अहमद, विजय चौहान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।