
एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में पुलिस कर्मियों को कराया गया योगाभ्यास, तनावमुक्त रहने के बताए उपाय
कालाढूंगी। पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “फिट पुलिस – स्वस्थ पुलिस” अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली कालाढूंगी में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मियों ने योगाभ्यास किया। योग सत्र का संचालन योगाचार्य दीपक सैनी द्वारा किया गया, जिन्होंने पुलिस कर्मियों को नियमित योग एवं व्यायाम के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
योगाचार्य ने बताया कि लगातार तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों के लिए योग बेहद आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है, शारीरिक स्फूर्ति बनी रहती है तथा कार्य क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम के माध्यम से तनाव, स्ट्रेस एवं अन्य बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद पुलिस को फिट एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पुलिस कर्मी बेहतर पुलिसिंग के साथ जनसेवा भी प्रभावी ढंग से कर सकें।
कालाढूंगी पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी पुलिस कर्मियों की फिटनेस एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

