77वें गणतंत्र दिवस पर रुद्रपुर में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानी व कर्मी हुए सम्मानित

ख़बर शेयर करे -

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया ध्वजारोहण, संविधान और कर्तव्यों के पालन का दिया संदेश

रूद्रपुर – जनपद ऊधम सिंह नगर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को फूलमालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सशक्त, समावेशी और सार्वभौमिक संविधान है। हम सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का संविधान आज भी मजबूती से हमें मार्गदर्शन देता है और देश को एक सूत्र में बांधे हुए है।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के हित में कार्य करना चाहिए।

वहीं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन में ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का आचरण और व्यवहार कार्यालय के भीतर और बाहर दोनों जगह सकारात्मक होना चाहिए, जिससे आमजन में सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने टीम भावना से कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से कार्य सरल और प्रभावी हो जाते हैं।

See also  उत्तराखण्ड_भाजपा ज़िलाध्यक्ष की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत,पत्नी की हालत नाज़ुक

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटौला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -